चंदौली। जिला चिकित्सालय परिसर में मातृ शिशु विंग मल्टी हास्पिटल में बुधवार से मरीजों का इलाज प्रारंभ हो जाएगा। इस हास्पिटल के अधिकांश अड़चनों को दूर कर लिया गया है। उत्तर प्रदेश दिवस के दिन से इसमें इलाज प्रारंभ हो जाएगा। एक वर्ष पूर्व तत्कालीन जिलाधिकारी कुमार प्रशांत ने इस 100 बेड के मल्टी हास्पिटल का उद्घाटन कर दिया था। इस अस्पताल का संचालन यूपीपीपी के तहत होना है। जिसमें सरकार को दवा देना है। जबकि उपकरण व चिकित्सक की व्यवस्था हेरिटेज हास्पिटल को करनी है। एक वर्ष से दवा के अभाव में यह हास्पिटल एक भी मरीज का इलाज नहीं कर पाया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 140 दवाएं इस अस्पताल को दी गई है। अस्पताल प्रबंधन व सीएमओ के बीच चल रहे खींचतान को स्वास्थ्य मंत्रालय ने समाप्त कर दिया। अब इस हास्पिटल को दवा भी उपलब्ध हो गई है। जिसके बाद मरीजों का इलाज बुधवार से प्रारंभ होगा।