चंदौली। बबुरी पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम ने शुक्रवार को चेकिंग के दौरान एक पिकअप में छिपाकर ले जा रहे के 11.15 कुंतल गांजा बरामद किया। इस दौरान चार तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बरामद गांजे की कीमत तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने पुलिस टीम को 25-25 हजार का पुरस्कार देने की घोषणा की।
अपर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि बबुरी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ गश्त कर रहे थे। शुक्रवार की सुबह जरखोर स्टेट बैंक के सामने उपनिरीक्षक देव कुमार चौबे, स्वाट टीम प्रभारी हरिनारायण पटेल दल बल के साथ पहुंचे। इस बीच सूचना मिली कि सिकंदरपुर गांव से पिकअप और मोटरसाइकिल से तस्कर गांजा लेकर आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम सिकंदरपुर में सड़क के किनारे उनका इंतजार करने लगी। थोड़ी देर में सिकंदरपुर गांव की तरफ से एक वाहन आता दिखा। सामने से आ रहे पिकअप वाहन को घेरकर रोका। तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक के 40 बोरी में 11. 15 कुंतल गांजा बरामद हुआ। इस दौरान बाइक सवार के साथ पिकअप सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ करने पर चारों ने बताया कि वे बिहार और उड़ीसा से सस्ते दाम में गांजा खरीदकर चंडीगढ़ में सप्लाई करते हैं। अभियुक्तों का एक संगठित गिरोह है, जो अपने तथा अपने साथियों के लाभ के लिए गांजा सस्ते दाम पर खरीदकर अन्य प्रांतों में ऊंचे दामों पर बेच देते हैं।
एएसपी ने बताया कि पुलिस ने तस्करी के आरोपी हीरालाल पांडेय निवासी चुरामनपुर साहुपुर, इंड्रस्टीयल एरिया बक्सर बिहार, अरविंद पांडेय निवासी भोर कला थाना मिर्जामुराद वाराणसी, अवधेश पांडेय निवासी ग्राम सिकंदरपुर थाना बबुरी चंदौली तथा आशू सिंह उर्फ प्रवीण सिंह निवासी ग्राम सिकंदरपुर थाना बबुरी चंदौली का चालान किया है।