पीडीडीयू नगर। दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और चेन्नई समेत विभिन्न महानगरों में रह रहे पूर्वांचल के लोगों को त्योहार में घर लौटना चुनौती से कम नहीं है।
महानगरों से पीडीडीयू जंक्शन होते हुए बिहार के लिए 110 नियमित और 50 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके बावजूद ट्रेनों में सीटें उपलब्ध नहीं है। ज्यादातर ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट सौ से ऊपर है। वहीं, कई ट्रेनों में नो रूम हो गया है।
पूर्वांचल और बिहार से बडी संख्या में लोग दिल्ली, मुंबई, राजकोट, अहमदाबाद, सूरत, चेन्नई, बंगलूरू समेत विभिन्न महानगरों में रहते हैं। निजी कंपनियों में काम करने वाले लोग हाेली, दीपावली और डाला छठ पर घर लौटते हैं। इस वर्ष दीपावली 31 अक्तूबर को और डाला छठ सात नवंबर को है। इसकी शुरूआत पांच नवंबर को नहाय खाय से हो जाएगी। इस पर्व में घर आने के लिए चार महीने पहले से ही ट्रेनों में सीट के लिए जद्दोजहद हो रही है।
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन 50 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। इसके बावजूद लोगों को टिकट नहीं मिल रहा।