नियामताबाद। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें को गड्ढामुक्त की जाएंगी। रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्या ने सोमवार को फेज एक की सड़क संख्या चार की मरम्मत कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सांसद व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय की पहल पर बीते 26 दिसंबर को उद्योग मंत्री सतीश महाना से रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल मिला था। प्रतिनिधिमंडल की औद्योगिक क्षेत्र फेज एक को गड्ढामुक्त करने की मांग पर उद्योग मंत्री ने करीब 70 लाख की लागत से औद्योगिक क्षेत्र फेज एक की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का निर्देश यूपीएसआईडीसी के अधिकारियों को दिया था। जल्द ही कार्यदायी संस्था मरम्मत कार्य शुरू कर देगी। सड़कों के बनने के बाद उद्यमियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या से निजात मिल जाएगी। कहा कि नोएडा के बाद चंदौली सबसे विकसित औद्योगिक क्षेत्र होगा। बेरोजगार युवकों को रोजगार का अवसर औद्योगिक क्षेत्र में ही उपलब्ध हो जाएगा। इस मौके पर अजय राय, संदीप सिंह, शिवपूजन जायसवाल, मनोज तिवारी, सच्चिदानंद ओझा, जितेंद्र पांडेय, रामसिंह, अमित गुप्ता मौजूद रहे।