जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव कतियावाली में तालाब में डूबे युवक सागर (18) का शव बृहस्पतिवार की सुबह बरामद होने के बाद गांव में मातम पसर गया। युवक की तलाश में बुधवार देर शाम तक एनडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया था, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी। बाद में प्रशासन ने तालाब का पानी निकलवाने की व्यवस्था कराई। बृहस्पतिवार की सुबह तालाब से युवक का शव बरामद कर लिया गया।
सागर बुधवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के गहरे तालाब में डूब गया था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। देर शाम तक एनडीआरएफ टीम के गोताखोर तालाब में युवक की तलाश करते रहे, लेकिन अंधेरा होने तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार संजय कुमार और नायब तहसीलदार अखिलेश यादव भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में तालाब का पानी निकलवाने के लिए पंप मंगवाए और देर रात तक पानी निकलवाने का कार्य चलता रहा। हालांकि तालाब काफी गहरा होने और अंधेरा बढ़ने के कारण अभियान रोकना पड़ा।
बृहस्पतिवार सुबह प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में एक बार फिर सर्च अभियान शुरू कराया गया। एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में दोबारा तलाश शुरू हुई। काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब सात बजे युवक का शव तालाब से बरामद कर लिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। एहतियातन रातभर कई थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात रखी गई थी।
पोस्टमार्टम होने के बाद दोपहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। युवक के पिता राजा ने गांव के ही एक युवक उनके बेटे को धक्का देने का आरोप लगाया था। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। सीओ अनूपशहर विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।