मारपीट में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
- फोटो : अमर उजाला
खुर्जा में अरनिया थाना क्षेत्र के सारसौल गांव में तीन दिन पहले हुई मारपीट में घायल युवक की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं हत्या के प्रयास के मामले को गैर इरातदन हत्या में तरमीम कर दिया।
सारसौल गांव निवासी नजीर ने बताया कि उनके बेटे हसरत गांव में रहने वाले शकील को 30 हजार रुपये उधार दिए थे। रुपये वापस मांगने पर शकील मना कर देता था। विगत 15 जून को हसरत ने अपने रुपये वापस मांगे, तो शकील ने गाली-गलौज शुरू कर दी। हसरत ने गाली का विरोध किया। इस बात पर शकील भड़क गया और अपने साथियों संग मिलकर हसरत की पिटाई शुरू कर दी। वहीं शोर सुनकर घर में मौजूद पीड़ित की बेटी निशा, शेरबानों और दामाद बाबू (35) निवासी नागलोई दिल्ली भी मौके पर आ गए। उन्होंने बीच-बचाव कराया तो आरोपियों ने बाबू की भी बेरहमी से पिटाई की, जिसके सिर, हाथ व चेहरे पर गंभीर चोट आई।
वहीं भीड़ जमा होने पर आरोपी वहां से धमकी देकर भाग गए। झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इसमें बाबू की हालत गंभीर थी, जिसको मुनि सीएचसी से अलीगढ़ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ मेडिकल से उसको दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया।
वहीं नजीर की शिकायत पर पुलिस ने शकील, नफीस, सफीक, सब्बीर के खिलाफ हत्या का प्रयास, मारपीट व धमकी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। शनिवार रात बाबू की दिल्ली एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। थाना प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि संबंधित धारा में मुकदमा तरमीम किया गया है। साथ ही मामले में शकील और सफीक को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।