अस्पताल में विलाप करते मृतक बंटी के परिजन। संवाद
नरौरा। दशहरा मेला देखने के लिए गए युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव पला कसेर (बड़ी कसेर) थाना डिबाई निवासी नत्थू सिंह ने बताया कि पुत्र बंटी (28) बुधवार की शाम गांव रतनपुर में बाइक से मेला देखने गए थे। देर शाम वापस लौटते समय नेशनल हाईवे 509 पर गांव खेड़िया से आगे कसेर कलां कट पर नरौरा की ओर से जा रहे ट्रक चालक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बंटी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बंटी को उपचार के लिए सीएचसी डिबाई पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक शादीशुदा थे। उनके दो बच्चे हैं। बड़े बेटे की आयु दो वर्ष, छोटे की एक वर्ष है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।