बुलंदशहर के थाना खानपुर क्षेत्र में एक स्कूटी सवार युवक की दिनदहाड़े चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। यह वारदात लखावटी-खानपुर मार्ग पर गांव भटपुरा और पाली के जंगलों में हुई। हमलावर भी अपनी स्कूटी पर सवार था और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। मृतक और हमलावर दोनों गांव पाली परतापुर के निवासी बताए जा रहे हैं। हमलावर ने बाद में मृतक के घर पहुंचकर उसके भाई पर भी हमला किया। घायल भाई को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपी की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।