संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के नयागांव चांदपुर निवासी युवक ने शराब पीकर घर में हंगामा कर दिया। साथ ही आरोपी ने अपनी पत्नी की पिटाई भी कर दी। इससे गुस्साई पत्नी ने पुलिस को मामले की सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी अपने घर की तीसरी मंजिल की छत पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह छत से कूद गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
नगर के नयागांव चांदपुर निवासी नकुल सिंह (28) शराब पीने का आदी है और पशु पालन कर परिजनों का पालन पोषण करता था। सोमवार सुबह नकुल ने शराब पीकर अपने छोटे भाई अंकित के साथ गाली-गलौज कर दी। विरोध करने पर भाई और पत्नी प्रियंका के साथ मारपीट भी की। उसकी हरकतों से परेशान होकर पत्नी प्रियंका ने पुलिस को मामले की सूचना दी। जैसे ही पुलिस की गाड़ी घर के बाहर पहुंची तो नकुल तीसरी मंजिल की छत पर चढ़ गया। पुलिसकर्मियों ने उसे काफी समझा-बुझाकर शांत किया और छत से नीचे उतरने की बात कही। लेकिन, आक्रोशित नकुल ने तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। जमीन पर गिरने से नकुल के दोनों पैर और सीने में गंभीर चोट आई। पुलिस और परिजनों ने आनन-फानन में मेरठ-शिकारपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी, एएसपी अनुकृति शर्मा, नगर कोतवाल और देहात कोतवाल मौके पर पहुंच गए। अस्पताल में करीब दो घंटे के उपचार के बाद युवक की मौत हो गई। बताया गया कि नकुल पिछले करीब तीन दिन से शराब पीकर परिजनों के साथ मारपीट कर रहा था। हालांकि, पुलिस मामले में कोई तहरीर मिलने से इन्कार कर रही है।