नरौरा से मृतक भुवनेश चौधरी उर्फ भूरा का फ़ाइल फोटो।
नरौरा। घर से मंगलवार शाम से लापता युवक का शव बुधवार सुबह राजघाट मार्ग पर स्थित एक बाग में फंदे से लटका मिला। मामले में मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि दो पड़ोसी लोगों द्वारा उनके पुत्र का मानसिक उत्पीड़न किया जाता था, इसी के चलते उनके पुत्र ने आत्महत्या की है। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, युवक की मौत के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
नगर के अणुविहार कॉलोनी गेट निवासी टेंट व्यवसायी संजीव चौधरी का 22 वर्षीय पुत्र भुवनेश चौधरी उर्फ भूरा मंगलवार शाम करीब 4 बजे घर से बिना कुछ बताए कहीं चला गया था। उसका मोबाइल भी घर पर ही था। देर शाम तक उसके वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह अणुविहार कॉलोनी गेट से कुछ दूर राजघाट मार्ग पर एक आम के बाग में भुवनेश चौधरी उर्फ भूरा का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस एवं फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में भुवनेश के पिता संजीव चौधरी ने पड़ोस में ही रहने वाले पूर्व प्रधानाचार्य हरिओम शर्मा और एक बैंक अधिकारी की पत्नी फूलवती देवी द्वारा भुवनेश को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के कारण घटना होने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मामले में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी देहात रोहित मिश्र ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।