बुलंदशहर। भाई की नौकरी लगवाने के नाम पर खुर्जा निवासी युवक से जालसाजों ने तीन लाख रुपये ठग लिए गए। अब रुपये वापस मांगने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है।
खुर्जा निवासी प्रवेश सिंह ने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि उनके भाई ने पोस्ट ग्रेजुएशन की हुई है। कहीं नौकरी न लग पाने के कारण वह बेरोजगार है। करीब तीन वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात गाजियाबाद निवासी एक युवक से हुई थी। जिसने पीड़ित को बताया कि सेना और रेलवे विभाग में उसकी अच्छी जान पहचान है। इस संबंध में आरोपी ने पीड़ित को कुछ फोटोग्राफ आदि भी साझा किए। जिस पर उसने आरोपी की बातों पर यकीन कर लिया। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित से उसके भाई की नौकरी लगवाने की बात कही। इसके एवज में आरोपी ने पांच लाख रुपये की मांग की थी।
जिस पर पीड़ित ने उसके झांसे में आकर उसी दौरान करीब तीन लाख रुपये दे दिए थे। जिसके बाद आरोपी ने जल्द ही नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। धीरे-धीरे समय बीतने के बावजूद उसके भाई की नौकरी नहीं लगवाई गई। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित का फोन भी रिसीव करना बंद कर दिया। पीड़ित ने बताया कि बीते दिनों आरोपी के घर जाकर उसने अपने रुपये वापस मांगे थे। जिस पर आरोपी ने रुपये देने से इन्कार कर दिया। साथ ही भविष्य में रुपये मांगने पर हत्या करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।