बुलंदशहर। नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक को शादी का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस के ही दो युवकों ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने जब रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मोहल्ला साठा निवासी अजीत ने एसएसपी को शिकायत देकर बताया कि पड़ोस के रहने वाले दो युवकों ने उसे शादी कराने का झांसा दिया। आरोपियों ने कहा कि एक गरीब परिवार की बेटी है, जिससे शादी कराई जाएगी। कहा कि दोनों ओर से शादी का खर्च स्वयं वहन करना होगा। इसके बाद आरोपियों ने एक युवती का फोटो दिखाया और फोन पर एक महिला और पुरुष से बात कराई। आरोपियों की बातों में आकर उसने लड़की पक्ष के खर्च के लिए डेढ़ लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि कुछ समय बाद जब न तो शादी की तैयारी हुई और न ही आरोपी युवक वापस आकर मिले तो उसने आरोपियों से फोन कर रुपये वापस मांगे। आरोप है कि आरोपियों ने धनराशि वापस करने के बजाए अभद्रता की और दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी श्लोक कुमार ने नगर पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।