बुलंदशहर/सिकंदराबाद/अनूपशहर/गुलावठी। जिलेभर में मंगलवार को गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न गोशालाओं में गोमाता की पूजा-अर्चना कर उन्हें गुड़, हरा चारा और पौष्टिक आहार खिलाया गया। श्रद्धालुओं ने गोसेवा और संरक्षण का संकल्प लिया। कहीं हवन-यज्ञ और भंडारे का आयोजन हुआ तो कहीं गोवंशों की सेवा में जुटे कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
नगर की नई मंडी की कान्हा गोशाला में राष्ट्र चेतना मिशन की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल शर्मा, भाजपा नेता जितेंद्र शर्मा, बीएसएफ के पूर्व कमांडेंट मधु कुमार राणा, डॉ. एसएन दुबे, डॉ. अमित तोमर और कार्यक्रम अध्यक्ष ओमप्रकाश जालान ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोमाता का पूजन और आरती की। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर गोमाता को गुड़, मिठाई और हरा चारा खिलाया।
इस दौरान बेसहारा, बीमार और दुर्घटनाग्रस्त गोवंशों का उपचार एवं रेस्क्यू करने वाले राष्ट्र चेतना मिशन के चार दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं को भगवा अंगवस्त्र, माला और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। संस्था अध्यक्ष हेमंत सिंह ने गोसेवा को भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग बताया। इस दौरान मधु कुमार राणा, जितेंद्र शर्मा, डॉ. एसएन दुबे, हरेन्द्र लोधी, डॉ. अमित तोमर, अनीता त्यागी, ओमप्रकाश जालान, सीए मनीष मांगलिक, महावीर प्रसाद सिंघल, मनमोहन गुप्ता, अरुण राजपूत, डम्बर सिंह लोधी, सागर कुमार, तरुण, शिवम चौधरी, सौरभ सोनी, न्यू गुप्ता, शरद शर्मा व रामावतार लोधी आदि मौजूद रहे।
सिकंदराबाद के भटपुरा रोड स्थित रघुनाथ गोशाला में सुबह नौ बजे हवन-यज्ञ के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। गायत्री परिवार के अरविंद गोयल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ संपन्न कराया। मुख्य यजमान डॉ. नरेश शर्मा रहे। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित, विधायक लक्ष्मीराज सिंह और पूर्व विधायक विमला सोलंकी समेत श्रद्धालुओं ने गोमाता का पूजन कर चारा और पौष्टिक आहार खिलाया। समिति प्रबंधक राधेश्याम मित्तल ने सभी का आभार जताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के कार्यकारिणी सदस्य सुधीर जैन, अवधेश गोयल, अरुण बंसल, संजीव जैन, दिनेश अग्रवाल, नरेंद्र बंसल का सहयोग रहा। वहीं, दूसरी ओर अनूपशहर के द गुरुकुल ए टेंपल ऑफ एजुकेशन के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गोशाला पहुंचकर गोमाता का पूजन किया। उन्हें माला और वस्त्र पहनाकर गुड़ व आटा खिलाया तथा परिक्रमा की। प्रभारी अभिषेक वार्ष्णेय ने विद्यार्थियों को गोमाता के धार्मिक, सांस्कृतिक और कृषि संबंधी महत्व की जानकारी दी।
इस दौरान योगिता भटनागर, नेहा शर्मा, बबिता शर्मा, सुधा शर्मा और अवधेश शर्मा मौजूद रहे। गुलावठी में ग्वाल गोपाल गोशाला में गोपाष्टमी पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। महिलाओं ने हवन-यज्ञ कर गोमाता की पूजा-अर्चना की। शिकारपुर से पहुंची कीर्ति कौशिक और खाटू श्याम मित्र मंडल के कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल भक्तिमय कर दिया। इस दौरान रॉबिंस गर्ग, हर्ष गोयल, दीपक सिंघल, राजेश अग्रवाल, अजय कंसल, पारित चौधरी सहित अन्य गोभक्त मौजूद रहे। संवाद