मीटर टैंपर्ड बताकर अवैध वसूली का प्रयास कर रहे बिजली कर्मियों और ठेकेदार को महिलाओं ने बंधक बनाकर जमकर धुना। किसी तरह जान बचाकर बिजलीकर्मी और ठेकेदार वहां से छूटे।
बताया गया कि डीएम रोड बिजलीघर के कर्मचारी और डिस्कनेक्शन का काम कर रहा ठेकेदार भूड़ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान वह एक घर का कनेक्शन काटने के लिए दूसरे घर में चढ़ गए।
कर्मियों और ठेकेदारों ने घर में महिला को देख दूसरे घर का मीटर टैंपर्ड बताया और चोरी करने की बात कहने लगे। महिलाओं ने जब घर में किसी पुरुष न होने का हवाला देकर बाद में आने की बात कही तो डिस्कनेक्शन करने वाला ठेकेदार चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कहकर धमकाने लगा और रकम की मांग करने लगा।
घर की महिलाओं ने मोहल्ले मे हल्ला मचा गया। शोर सुनकर आसपास की महिलाएं और लोग इकट्ठे गए। बिजलीकर्मियों और ठेकेदार को महिलाओं ने घेर लिया और जमकर धुनाई की।
मोहल्ले में रहने वाले एक बिजलीकर्मी ने बताया कि महिलाओं ने पकड़े गए बिजलीकर्मियों और ठेकेदार की चप्पलों से पिटाई की। बाद में मोहल्ला निवासी बिजलीकर्मी द्वारा बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया गया।
गौरतलब है कि डिस्कनेक्शन के ठेकेदारों द्वारा अवैध वसूली की शिकायतें लंबे समय से आ रही हैं। कई उपभोक्ताओं ने अफसरों से शिकायत की है कि डिस्कनेक्शन ठेकेदार अवैध रूप से उगाही के लिए बिजली चेकिंग करते हैं।
यह ठेकेदार खुद को एसडीओ या एक्सईएन बताकर लोगों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली करते हैं।
मामले की जानकारी नहीं है। यदि डिस्कनेक्शन के ठेकेदार अवैध तरीके से चेकिंग कर अवैध वसूली कर रहे हैं तो इसकी जांच कराई जाएगी। पूरे मामले की रिपोर्ट एक्सईएन बुलंदशहर से मांगी गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- एके चौधरी, अधीक्षण अभियंता