पति व ससुर को दिया जहर, घर से नकदी-जेवर लेकर भागी विवाहित
बुलंदशहर। नगर क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा प्रथम में एक विवाहिता ने पति और ससुर को जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या की कोशिश की और घर से जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित पति ने पत्नी और एक युवक को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला देवीपुरा प्रथम निवासी व्यक्ति ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी पत्नी के जहांगीराबाद क्षेत्र के एक व्यक्ति से संबंध हैं। उसका आरोप है कि गत छह जनवरी की रात को पत्नी ने खाना बनाकर उसे और उसके पिता को दे दिया। खाना खाने के बाद दोनों बेहोश हो गए। इसके बाद पत्नी का परिचित व्यक्ति भी वहां पहुंच गया। दोनों घर से सोने-चांदी के जेवर, बच्चों की एफडी और तीस हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। सात जनवरी की सुबह होश में आने पर उन्हें घटना का पता चला। पीड़ित पति ने पत्नी द्वारा खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिलाने का आरोप लगाया है। नगर कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पत्नी के अलावा जहांगीराबाद के गांव रौरा निवासी लोकेंद्र पुत्र सुरजन सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।