खुर्जा। क्षेत्र के गांव झमका में टूटे पेड़ को उठाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने महिला को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव झमका निवासी आकाश ने बताया कि सोमवार दोपहर उनके घर के पास खेत में लगा एक पेड़ आंधी से गिर गया। गांव के कुछ लोगों से पेड़ को उठाने को लेकर उनकी पत्नी रेनू का विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने रेनू के हाथ में गोली मारकर उन्हें घायल कर दिया। शोर मचाने पर ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौका पाकर फरार हो गए। मामले में आकाश ने पुलिस से शिकायत की है। कोतवाली खुर्जा नगर प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि महिला के हाथ में गोली लगी है। मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद