चोला। थाना क्षेत्र में मदद के नाम पर महिला के साथ छेड़छाड़ किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी पीड़िता को बेटे के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना देकर उसे बाइक से अस्पताल ले जा रहा था। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है ।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि गत नौ सितंबर की रात गांव निवासी युवक ने घर पहुंच कर उन्हें जानकारी दी कि उनके पुत्र का नोएडा क्षेत्र में एक्सीडेंट हो गया है, जिसपर वह युवक की बाइक पर बैठ उसके साथ नोएडा के लिए निकल गई। आरोप लगाया कि रास्ते में युवक ने उनके साथ छेड़छाड़ करने लगा। लेकिन गम में होने के कारण वह चुप रही। चचूरा नहर के पास बाइक रोक ली और उनके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार को देख आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया। रात होने के कारण वह पास में ही झाड़ियां में छिप गई। सुबह करीब 4 बजे उजाला होने पर एक बाइक सवार को रोक कर लिफ्ट ली, इसके बाद वह घर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, एससी-एसटी एक्ट आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।