औरंगाबाद। अगौता थाना क्षेत्र के गांव जौलीगढ़ प्याऊ के पास सोमवार को बस ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक समेत दो महिलाएं घायल हो गईं और एक महिला की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। अगौता थाना क्षेत्र के गांव अहमदपुर टांडा निवासी 50 वर्षीय क्रांति अपने दामाद भानु प्रकाश और बेटी नीतू के साथ बाइक से बुलंदशहर जा रही थीं। गांव जौलीगढ़ प्याऊ के पास पहुंचने पर सैदपुर की ओर से तेज गति से आ रही बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार उक्त महिला व उसका दामाद और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर अगौता पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां घायल क्रांति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतका के घायल दामाद भानु प्रकाश और उसकी पत्नी नीतू का उपचार जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। मृतक महिला के पति ने बस चालक को नामजद करते हुए अगौता थाने में तहरीर दी है। अगौता थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया की मृतक महिला के पति समरजीत के द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर बस चालक अंकित शर्मा निवासी मोहन कुटी बुलंदशहर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और बस को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चल रहे बस चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद