शिकारपुर सीएचसी में एआरवी लगने से बेहोेश हुई युवती। संवाद
शिकारपुर। गांव जखैता निवासी एक युवती को पालतू कुत्ते ने काट लिया। शुक्रवार को युवती सीएचसी पर एआरवी लगवाने पहुंची। एआरवी लगवाने के बाद युवती बेहोश होकर गिर पड़ी। उसे ऑक्सीजन लगाई गई। करीब 40 मिनट बाद युवती को होश आया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव जखेता निवासी संजय की 22 वर्षीय पुत्री मीनू को पालतू कुत्ते ने काट लिया था। कुत्ते के काटने पर रेबीज से बचाव के लिए शुक्रवार सुबह युवती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। युवती को स्टाफ ने जैसे ही एआरवी लगाई, वह जमीन पर गिर पड़ी। युवती के जमीन पर गिरते ही सीएचसी स्टाफ में हड़कंप मच गया। स्टाफ ने युवती को उठाकर इमरजेंसी पहुंचाया और ऑक्सीजन लगाकर इलाज शुरू किया। साथ ही युवती के परिजनों को जानकारी दी। जांच के दौरान युवती की पल्स घटती-बढ़ती रही। करीब 40 मिनट बाद युवती सामान्य हुई। इसके बाद चिकित्सक और स्टाफ ने राहत की सांस ली। वहीं, परिजन भी सीएचसी पहुंच गए। जिनके साथ वह घर चली गई।
कुत्ते के काटने पर युवती एआरवी लगवाने आई थी। मानसिक दबाव होने के कारण युवती डर के चलते घबरा गई। अब स्वस्थ है। - डॉ. शशि शेखर सिंह, सीएचसी प्रभारी