अनूपशहर। कस्बे के मलकपुर रोड के सामने स्थित एक निजी क्लीनिक पर डिलीवरी के पांच दिन बाद एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने नर्सिंग होम संचालक पर गलत ऑपरेशन से पेट में संक्रमण फैलने का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नर्सिंग होम को सील कर दिया है।
नगर क्षेत्र के उर्मिला क्लीनिक पर छह जनवरी को तोरई निवासी महिला की ऑपरेशन से डिलीवरी हुई। 11 जनवरी की रात महिला ने दिल्ली के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह परिजन मृतका का शव लेकर अनूपशहर के उर्मिला क्लीनिक पहुंचे और शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव तोरई निवासी प्रकाश ने बताया कि 32 वर्षीय पत्नी पूनम को छह जनवरी को प्रसव पीड़ा होने पर अनूपशहर के उर्मिला क्लीनिक में भर्ती कराया। छह जनवरी की रात ऑपरेशन के दौरान पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद से पत्नी की स्थिति बिगड़ती चली गई। दो-तीन दिन में भी सुधार न होने पर बुलंदशहर ले गए, जहां से दिल्ली रेफर कर दिया गया। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रविवार रात पूनम ने दम तोड़ दिया। बताया कि दिल्ली के चिकित्सकों ने पूनम की मौत का कारण पेट में संक्रमण और गलत ऑपरेशन बताया है।
मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। - विकास प्रताप चौहान, क्षेत्राधिकारी, अनूपशहर
-मामले की जानकारी मिलने पर सीएमओ के आदेश पर जांच करने पहुंचे। परिजनों की शिकायत पर उर्मिला क्लीनिक को सील कर दिया गया है। - डॉ. सचिन भाटी, चिकित्सा प्रभारी, वैर