बुलंदशहर। शहर के देवीपुरा प्रथम वाल्मीकि बस्ती में बृहस्पतिवार शाम एक निजी क्लीनिक पर इंजेक्शन लगवाने गई 45 वर्षीय महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर नकली और गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए क्लीनिक पर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा प्रथम वाल्मीकि बस्ती निवासी 45 वर्षीय राखी वाल्मीकि देर शाम को तबीयत खराब होने पर डाॅ. एनके गोयल के क्लीनिक पर दवा लेने गई थीं। जांच के बाद चिकित्सक ने उन्हें इंजेक्शन लगवाने की सलाह दी। परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक पर चिकित्सक द्वारा इंजेक्शन लगाते ही राखी को अचानक तेज घबराहट होने लगी। महिला की हालत बिगड़ती देख चिकित्सक ने उन्हें तुरंत क्लीनिक के बराबर स्थित सरकारी अस्पताल ले जाने को कहा।
परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राखी की मौत की खबर सुनते ही परिजन व स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने चिकित्सक पर नकली व गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए क्लीनिक पर हंगामा करना शुरू कर दिया। नगर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
महिला का बुखार, जुकाम और खांसी का उपचार चल रहा था। यह तीसरी बार था, जब वह दवा लेने आई थीं। एंटीबायोटिक इंजेक्शन लगाने के बाद घबराहट होने पर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया था। - डाॅ. एनके गोयल
अभी तक किसी ने थाने में तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी महिला की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। तहरीर मिलने और जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - ऋजुल कुमार, एएसपी