जनपद के कारोबारियों ने मंगलवार को बैठक कर राष्ट्रीय कार्यकारिणी के आह्वान पर 24 अप्रैल तक हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है। बुधवार को सराफा बाजार खुलने के साथ ही गुलजार हो जाएंगे। बैठक में कारोबारियों ने चेतावनी दी कि वह भाजपा के खिलाफ विरोध जारी रखेंगे।
एक्साइज ड्यूटी के विरोध में 41वें दिन मंगलवार को भी सराफा बाजार बंद रहे। श्री विष्णु प्यारी धर्मशाला में आयाजित बैठक में जनपद के स्वर्णकार एकत्रित हुए। कारोबारियों ने केंद्र सरकार के काले कानून की भर्त्सना की।
सभी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के आह्वान पर एकमत होकर हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया। आगामी निर्णय 24 अप्रैल से पहले ले लिया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वर्णकार समाज उत्थान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकुमार वर्मा ने कहा कि हमने तन, मन और धन से भाजपा को केंद्र में पहुंचाया लेकिन भाजपा ने व्यापारियों
को धोखा दिया है। इसका परिणाम आगामी विधानसभा में दिया जाएगा।
स्वर्णकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रताप सिंह वर्मा ने बताया कि हड़ताल राष्ट्रीय कार्यकारिणी के निर्देश पर स्थगित की जा रही है। कोषाध्यक्ष डॉ. कमल किशोर भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार और उसके नुमाइंदे यह भ्रम पैदा न करें कि कारोबारी हड़ताल स्थगित कर थक गए हैं।
हमारा आंदोलन चलता रहेगा। सभा में अनिल वर्मा दिल्ली वाले, अजय गौड़, दिनेश वर्मा, राजकुमार, प्रिंस, रामजी शर्मा, श्रीकांत अग्रवाल, अनुज अग्रवाल, संतराम, अजय वर्मा, सतीश माहुर मौजूद रहे।