संवाद न्यूज एजेंसी
खुर्जा। एनएच-91 पर अरनिया ब्लॉक के सामने रविवार देर रात हाईवे पर घूम रहे छुट्टा गोवंश ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिसमें युवक गंभीर रुप से घायल हो गया, और देर रात उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है।
खुर्जा देहात क्षेत्र के बगराई गांव निवासी प्रवेश कुमार (31) निजी काम से रविवार को अलीगढ़ गया था। देर रात को बाइक से ही वह अलीगढ़ से वापस गांव आ रहा था। जब वह अरनिया क्षेत्र में एचएच-91 पर अरनिया ब्लॉक के पास पहुंचा, तभी बीच हाइवे पर निराश्रित पशु आ गया। प्रवेश ने उससे बचने का प्रयास किया, तो पशु ने सामने से टक्कर मार दी। इसमें प्रवेश गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी और प्रवेश को निजी अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की ओर प्रवेश के परिजनों को फोन कर मामले की सूचना दी। जिस पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। लेकिन, देर रात में प्रवेश की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस ने सोमवार दोपहर को मृतक का शव पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। सीओ खुर्जा का कहना है कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। हादसे का कारण गोवंश से टकराना बताया जा रहा है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है।