खुर्जा जंक्शन पर भी जल्द ही रेल यात्री वाईफाई के माध्यम से इंटरनेट की सुविधा ले सकेंगे। इसके लिए स्टेशन को वाईफाई से कनेक्ट करने का काम शुरू कर दिया गया है। वाईफाई शुरू हो जाने के बाद यात्री 100 मीटर के दायरे में इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। इसके लिए उन्हें सिर्फ ओटीपी का इस्तेमाल करना होगा।
दिल्ली-हावड़ा ट्रैक मार्ग पर खुर्जा जंक्शन स्टेशन स्थित है। यहां से रोजाना राजधानी, शताब्दी समेत करीब ढाई सौ ट्रेनें रोजाना गुजरती हैं। जल्द ही इस स्टेशन की सूरत बदलने वाली है। स्टेशन पर प्लेटफार्म के विस्तार साथ-साथ सौंदर्यीकरण का काम किया जा रहा है। इसके अलावा करोड़ों की लागत से फुट ओवरब्रिज का भी निर्माण चल रहा है। गौरतलब है कि खुर्जा में ही फ्रेट कॉरिडोर का भी स्टेशन बनाया गया है। साथ ही जेवर में बन रहे एयरपोर्ट के पास होने के चलते भी यहां पर काफी कार्य करवाए जा रहे हैं। भविष्य में यहां पर ट्रेनों के स्टॉपेज बढ़ने की संभावना है।
इसको देखते हुए यहां पर काफी विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इसी क्रम में अब अब खुर्जा जंक्शन को वाईफाई से लैस किया जा रहा है। इसके लिए स्टेशन पर वाईफाई लगाने का कार्य शुरू हो गया है। करीब एक माह के भीतर काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद यात्री जैसे ही अपने मोबाइल को इंटरनेट से कनेक्ट करेगा, वैसे ही मोबाइल नंबर दर्ज करने का विकल्प आएगा। मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद ओके का बटन दबाने पर एक ओटीपी आएगा। ओटीपी को दर्ज करते ही यात्री का मोबाइल वाईफाई से कनेक्ट हो जाएगा। उसके बाद यात्री बिना कोई चार्ज दिए इंटरनेट का लुत्फ उठा सकेंगे। इससे मुसाफिरों को जहां ट्रेन का इंतजार करना लंबा नहीं लगेगा। वहीं, मोबाइल के माध्यम से ट्रेनों के लोकेशन आदि की जानकारी भी आसानी मिल सकेगी।
पानी की टंकी बनकर तैयार, जल्द शुरू होगी सप्लाई
रेलवे स्टेशन और परिसर में बने स्टाफ के आवास तक शुद्ध जल पहुंचाने के लिए लाखों की लागत से पानी की टंकी बनकर तैयार हो गई। जल्द ही पाइप लाइन के जरिए टंकी से पेयजल की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। वहीं आने वाले गर्मियों के मौसम में यात्रियों की प्यास बुझाने के लिए स्टेशन पर दो वाटर कूलर की व्यवस्था की जाएगी।
अन्य सुविधाओं भी होंगी मुहैया
जंक्शन रेलवे स्टेशन को यात्रियों की सुविधा के लिए और भी व्यवस्थाएं की जाएंगी। प्लेटफार्म पर छाया के लिए शेड लगाए जाएंगे। स्टेशन पर शौचालय का भी निर्माण किया जाएगा। स्टेशन पर एटीएम भी लगाई जाएगी। इसके अलावा यात्रियों को बैठने के लिए सीटों की व्यवस्था की जाएगी। हाईमास्ट लाइट लगाई जाएंगी, ताकि दूर-दूर तक उसकी रोशनी पहुंच सके।
खुर्जा जंक्शन स्टेशन को वाईफाई से लैस करने का काम शुरू कर दिया गया है। जैसे ही कार्य पूरा हो जाएगा, इसके बाद यात्रियों को इसकी सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। - पीके गुप्ता, स्टेशन अधीक्षक