गाजियाबाद। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गाजियाबाद पुलिस लाइन में तैनात उत्तर प्रदेश पुलिस की उपनिरीक्षक अस्मिता डे ने देश, यूपी और जिले का नाम रोशन किया है। उनको मिली इस उपलब्धि का पता जैसे ही गाजियाबाद पुलिस के अधिकारियों को लगा तो खुशी की लहर दौड़ गई। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध व यातायात राजकरन नैय्यर ने बताया कि अस्मिता की तैनाती जिले में 2024 के अंत में हुई थी। अस्मिता ने जिले में तैनात रहते हुए ही नेशनल स्तर पर भी मेडल जीता था। इसी दौरान इनका चयन यूपी टीम की तरफ से राष्ट्रीय टीम में हो गया था। वह जितने भी दिन गाजियाबाद में रहीं, तो उन्होंने पीएसी के मैदान में अपनी तैयारी की। अब उनका ज्यादातर समय लखनऊ में गुजर रहा था। वहीं पर वह अपनी तैयारी कर रही थीं। खेल कोटे में ही उनका चयन हुआ था। पुलिस कमिश्नर रविंद्र जे गौड़ ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस के लिए यह गौरव का क्षण है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जब वह कॉमनवेल्थ के लिए रवाना हुई थी तभी उन्हें पूरा विश्वास था कि अस्मिता निश्चित रूप से एक बड़ी सफलता को हासिल करने जा रही हैं। अस्मिता के गाजियाबाद आने पर उनका यहां भव्य स्वागत करने की तैयारी की जा रही है। अस्मिता ने पीएसी के मैदान में अपनी खेल की सारी तैयारियां की थी। 31 जुलाई 2026 को ग्लासगो में अस्मिता डे के स्वर्ण पदक अर्जित करना उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उनके सहकर्मी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि यह कोई आसान कार्य नहीं है। अस्मिता मूल रूप से त्रिपुरा की रहने वाली हैं फिर भी वह यहां की संस्कृति से परिचित हैं। उनकी सहजता के बारे में एसआई रमेशचंद ने बताया कि जो भी अस्मिता से मिला है, वह सकारात्मकता का अनुभव करता है।