फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: मानसून की पहली बारिश में ही सड़कों पर भरा पानी

विज्ञापन
विज्ञापन
बुलंदशहर। मानसून की पहली बारिश में ही नगर पालिका के नाला सफाई की पोल खुलकर सामने आ गई। करीब एक घंटे की झमाझम बारिश में ही शहर की मुख्य सड़कों के साथ गलियों में भी पानी भर गया। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। 15 जून तक नाला सफाई के निर्देशों के बाद भी सफाई न होने पर शासन ने नाराजगी जताई है।
विज्ञापन


सोमवार दोपहर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया लेकिन सड़कों पर जलभराव होने के कारण लोगों को परेशानी हुई। नगर क्षेत्र के काला आम, कलक्ट्रेट रोड, चांदपुर रोड, अस्पताल रोड, देवीपुरा, कृष्णा नगर समेत अन्य कालोनियों की मुख्य सड़कों और गलियों में जलभराव हो गया। मानसून की पहली बारिश में ही नगर पालिका के नाला सफाई के दावों की पोल भी खुलकर सामने आ गई। बारिश के कारण नालों की गंदगी और सिल्ट भी सड़क पर आने के कारण लोगों को आने जाने में काफी परेशानी हुई। स्थिति यह है कि शासन ने सभी निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि हर हालात में 15 जून तक नालों की सफाई करने के बाद रिपोर्ट दी जाए लेकिन अभी तक नालों की सफाई की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकी है। लोगों का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष खुद मौके पर पहुंचकर नाला सफाई का निरीक्षण कर रहीं हैं लेकिन नगर पालिका अधिकारी लापरवाही करने से पीछे नहीं हट रहे हैं जिसके चलते सफाई के नाम पर केवल कागजों में खर्च दिखाने की तैयारी की जा रही है।



नाला सफाई न होने पर शासन ने जताई नाराजगी

15 जून तक नाला सफाई न होने और समय पर रिपोर्ट न देने पर स्थानीय निकाय निदेशक ने नगर निकाय अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई है। स्थिति यह है कि काली नदी में गिरने वाले मंडी गुरुस गंज के बड़े नाले की अभी तक सफाई नहीं की जा सकी है, जिसके चलते नाले की गंदगी सीधे काली नदी में पहुंच रही है और काली नदी को साफ करने की मुहिम को भी प्रभावित कर रही है।
विज्ञापन




स्याना में भी साफ नहीं हुए नाले

स्याना। बारिश से नगर की अधिकांश सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे वाहन चालक व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर में सोमवार को सुबह से ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। नगर के मेन बाजार, कोतवाली रोड, सर्राफा बाज़ार व कसाईबाड़ा समेत अन्य जगहों पर जलभराव से दुकानों में पानी भर गया, जिससे दुकानदारों को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। अधिशासी अधिकारी सेवाराम राजभर का कहना है कि वार्डों में नालियों और सड़कों की साफ-सफाई पूर्व में भी कराई गई थी। मुख्य सड़कों के किनारे बनी नालियों का सिल्ट निकाला जा चुका है। जरूरत पड़ने पर दोबारा सिल्ट निकलवाकर पानी के बहाव को ठीक कराया जाएगा।



नालों की सफाई के लिए काम चल रहा है। कुछ नालों की सफाई होना शेष है, जल्द ही इन नालों की सफाई भी कराते हुए लोगों को राहत दी जाएगी। - मनोज रस्तोगी, ईओ, नगर पालिका
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें