हादसे में इनकी गई जान
मृतकों की पहचान ओमवती (62) पत्नी स्व. होराम सिंह और उनकी नातिन कुमकुम (11) पुत्री सोहनपाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों घर के अंदर मौजूद थीं, तभी अचानक 10 साल पुरानी दीवार भरभराकर उन पर गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक दोनों मलबे के नीचे बुरी तरह दब चुकी थीं।
पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी कुमकुम
इस घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतका कुमकुम अपने पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी तीन छोटी बहनें हैं और एक 4 साल का छोटा भाई है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे, आर्थिक मदद का आश्वासन
हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार अनूपशहर प्रिया देवी सरकारी अस्पताल पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली। क्षेत्राधिकारी (सीओ) डिबाई, मधुप कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है और घटना स्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है।
एसडीएम अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि घटना बेहद दुखद है। स्थलीय निरीक्षण के साथ हल्का लेखपाल को जल्द से जल्द रिपोर्ट बनाकर तहसील में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद शासन के नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।"