अनूपशहर। कोतवाली क्षेत्र के बगसरा गांव के ग्राम प्रधान सोरन सिंह (66 वर्ष) का शव शुक्रवार सुबह घर से करीब 200 मीटर दूर सड़क किनारे मिला। वह सुबह पांच बजे हनुमान मंदिर में पूजा के लिए निकले थे। परिवार ने उनकी मौत को संदिग्ध बताया, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
सूचना पर परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। सोरन सिंह के बेटे प्रवीण कुमार ने बताया कि उनके पिता 20 वर्ष से नियमित रूप से मंदिर जाते थे। प्रवीण को उनके परिवार के पप्पू सिंह बघेल और योगेश ने घटना की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक देहात अंतरिक्ष जैन और क्षेत्राधिकारी अनूपशहर भरत सोनक ने मौके पर जांच कर परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया। मृतक के चार बेटे और एक बेटी है, सबसे छोटा बेटा प्रवीण गांव में खेती करता है। गांव में शांति व्यवस्था के लिए पुलिसबल तैनात किया गया है।
मौत पर संदेह
प्रवीण ने बताया कि घटनास्थल से करीब पांच मीटर पहले खून पड़ा था और पिता के चेहरे पर भी खून लगा था। सोरन सिंह को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। वह पूर्ण रूप से स्वस्थ थे। पुलिस ने शरीर पर चोट के निशान न होने की बात कही। खून मिलने से परिवार को मौत स्वाभाविक नहीं लग रही, उन्होंने पुलिस से जांच की मांग की है।
सरल स्वभाव के प्रधान
ग्रामीण दीपक शर्मा, हरिप्रसाद सिंह और उमेश कुमार ने प्रधान सोरन सिंह को मिलनसार और सरल स्वभाव का बताया। प्रधानी के पद पर भी वह ग्रामीणों से विनम्रता से मिलते थे। वह हमेशा गांव के लोगों की मदद के लिए तैयार रहते थे। क्षेत्राधिकारी भरत सोनक ने कहा कि प्राथमिक जांच में चोट का निशान नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। इसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई होगी।