फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: शौचालय निर्माण की राशि का दुरुपयोग करने पर ग्राम विकास अधिकारी निलंबित

विज्ञापन
विज्ञापन
बुलंदशहर। ब्लॉक बीबीनगर की ग्राम पंचायत अहमदानगर में सामुदायिक शौचालय के निर्माण की राशि का दुरुपयोग करने पर ग्राम विकास अधिकारी कुलदीप शर्मा को निलंबित कर दिया है। कुलदीप पर ग्राम पंचायत अकापुर टियाना की पंचायत सहायक से अभद्रता करने का भी आरोप है। शिकायत मिलने पर जांच कराई गई और इसकी रिपोर्ट मिलने पर जिला विकास अधिकारी ने निलंबित के आदेश जारी किए हैं।
विज्ञापन

जिला विकास अधिकारी सुभाष नेमा ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी कुलदीप शर्मा की शिकायत मिली थी। इसकी जब जांच कराई गई तो गांव अहमदानगर स्थित सामुदायिक शौचालय की दीवार पर निम्न स्तर की गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग किया गया। दीवारों से प्लास्टर झड़ता मिला। इसके लिए 35202 रुपये की राशि का भुगतान किया गया। शौचालय में प्रयोग नल की टोंटी अन्य सामान प्लास्टिक का मिला, जबकि ब्रास मेटल अच्छी क्वालिटी का दिखाकर 2492 रुपये का भुगतान किया। शौचालय में दो की जगह एक यूरिनल बेसिन पाया गया। एलईडी बल्ब लगा बताया गया, जो मौके पर नहीं मिला। सामुदायिक शौचालय में दोयम श्रेणी की ईंट लगी मिली, जबकि प्रथम श्रेणी की ईंट दिखाकर 1,42,868 रुपये की राशि खर्च दिखाई गई। पानी का टैंक भी कमजोर पाया गया। शौचालय के फर्श में टाइल्स भी अच्छी गुणवत्ता की नहीं मिली। जबकि अच्छी गुणवत्ता वाली टाइल्स दर्शाकर 24596 रुपये का भुगतान दिखाया। इस तरह से 2,14,808 रुपये की राशि का दुरुपयोग किया गया है।
ग्राम विकास अधिकारी पर ग्राम पंचायत अकापुर टियाना की ग्राम सहायक ने भी अभद्रता करने का आरोप लगाया, जो जांच में सही पाए गए। ग्राम सचिव पर क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास अधिकारी सुनील कुमार ने भी लिखित में शिकायत देकर फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग और गाली देने के साथ मारने की धमकी देने का आरोप लगाया, जो जांच में सही पाया गया। ग्राम विकास अधिकारी कुलदीप पर ग्राम पंचायत सलावतनगर गंगावली में अभी तक पंचायत घर का निर्माण न कराने का भी आरोप है। सुभाष नेमा ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने पर ग्राम सचिव कुलदीप शर्मा को निलंबित कर दिया है। खंड विकास अधिकारी को ग्राम विकास अधिकारी कुलदीप पर चल रही जांच को जारी रखने के लिए जांच अधिकारी नामित किया है।
विज्ञापन


पांच पंचायतों में खर्च राशि का नहीं कराया ऑडिट
जिला विकास अधिकारी सुभाष नेमा ने बताया कि निलंबित ग्राम विकास अधिकारी कुलदीप शर्मा ने अभी तक ग्राम पंचायत चॉसी रसूलपुर, कनौना, कमालपुर, पाली आनंदगढ़ी और मिर्जापुर में विकास कार्यों में खर्च की गई राशि का भी ऑडिट नहीं कराया है। इस पर चार फरवरी को नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन अभी तक न तो नोटिस का जवाब दिया और न ही अभी तक ऑडिट कराया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें