बुलंदशहर। विद्या ज्ञान स्कूल की प्रवेश परीक्षा तीन दिसंबर को होगी। इस परीक्षा में 2930 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इसके लिए नगर में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कि तीन दिसंबर को होने वाली विद्या ज्ञान की प्रवेश परीक्षा के लिए राजकीय इंटर कॉलेज बुलंदशहर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बुलंदशहर, एमएस इंटर कॉलेज सिकंदराबाद और एसएमजेईसी इंटर कॉलेज खुर्जा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा में 2930 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इसमें 1403 छात्रा और 1527 छात्र हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। इसमें छात्राएं शामिल होंगी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर बाद 02:30 बजे से शुरू होकर 04:30 बजे तक चलेगी। इसमें छात्र परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्वक और नकल रहित कराने की सभी तैयारी पूरी कर ली है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुसार राजकीय इंटर कॉलेज बुलंदशहर में बने परीक्षा केंद्र पर ब्लॉक बुलंदशहर, ऊंचागांव, अगौता, दानपुर और स्याना के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। यहां पर 339 छात्रा और 399 छात्र परीक्षा देंगे। राजकीय बालिका कन्या इंटर कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र पर लखावटी, जहांगीराबाद, डिबाई और अनूपशहर की 307 छात्रा और 293 छात्र परीक्षा देंगे। एमएस इंटर कॉलेज सिकंदराबाद में ब्लॉक सिकंदराबाद, गुलावठी व बीबीनगर की 412 छात्रा और 427 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। इसी तरह एसएमजेईसी कॉलेज खुर्जा में बने परीक्षा केंद्र पर ब्लॉक खुर्जा, पहासू, अरनिया और शिकारपुर के छात्र परीक्षा देंगे। यहां पर 345 छात्रा और 418 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा का उद्देश्य आर्थिक पिछड़े प्रतिभावान बच्चों की खोज कर उनकी पढ़ाई का रास्ता प्रशस्त करना है। उन्हें कक्षा 6 से 12 तक की निशुल्क शिक्षा दी जाएगी।