बुलंदशहर। कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध होने के बाद से जिला अस्पताल में लगातार लापरवाही बढ़ती जा रही है। बुधवार को इमरजेंसी परिसर में ईएमओ कक्ष का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें ईएमओ, फार्मासिस्ट व एक अन्य स्टाफ के पास शराब का ग्लास रखा हुआ नजर आ रहा है। नोडल अधिकारी ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी परिसर में इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) के लिए कक्ष बने हुए हैं। इमरजेंसी पर ड्यूटी देने वाले चिकित्सक और स्टाफ इन कमरों में आराम करते हैं। बुधवार को इमरजेंसी परिसर में बने ईएमओ कक्ष का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। 20 सेकेंड के वायरल हो रहे वीडियो में सोफे पर चिकित्सक और शराब से भरा एक ग्लास रखा हुआ नजर आ रहा है। वहीं, बेड पर फार्मासिस्ट व एक अन्य व्यक्ति आराम करते नजर आ रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि इमरजेंसी समेत अन्य कक्षों में अक्सर शराब पार्टी चलती रहती है। कई बार इस मामले को लेकर शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन उच्च अफसरों द्वारा मामले को दबा दिया जाता है।
ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन अनुचित है। वायरल वीडियो देखकर जांच कराई जाएगी। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ
वीडियो अभी संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराकर रिपोर्ट काॅलेज प्रधानाचार्य को सौंपी जाएगी। - डाॅ. रोहित वार्ष्णेय, नोडल अधिकारी मेडिकल कॉलेज