औरंगाबाद में गाड़ी के साथ सिलिंडर के लिए जाते बाइक सवार। स्रोत: वायरल वीडियो का स्क्रीन शॉट।
औरंगाबाद। कस्बे में आम उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पा रही है। जबकि होटल ढाबों पर घरेलू गैस सिलिंडर की भरमार है।
मंगलवार को तीन वीडियो वायरल हुए। इनमें से एक में उपभोक्ता सिलिंडर से भरे टेंपो के पीछे भागते दिख रहे हैं।
वीडियो में एक हॉकर छोटे टेंपो में करीब 50 सिलिंडर भरकर गोदाम से बांटने के लिए ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। कुछ उपभोक्ता उस वाहन के पीछे बाइक से पीछा करते हुए दिख रहे हैं।
हॉकर से पूछते है कि आखिर सिलिंडर किस स्थान पर मिलेंगे, लेकिन हॉकर उनको कोई जवाब नहीं देता है। इसके बाद सिलिंडर वाले वाहन का कोई पता नहीं चल पाता है।
उपभोक्ता बता रहे हैं कि यह सिलिंडर 1500 रुपये में कालाबाजारी कर बेचे जा रहे हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह ने बताया कि यदि गैस सिलिंडर कालाबाजारी कर अधिक दाम में बेचे जा रहे हैं तो इसका पता किया जाएगा। वायरल हो रहे वीडियो के अलावा सप्लाई इंस्पेक्टर को भेजकर जांच कराई जाएगी।