संवाद न्यूज एजेंसी
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र निवासी फौजी के बैंक अकाउंट से अलग-अलग फर्जी चार ट्रांजेक्शन के माध्यम से अज्ञात शातिर साइबर ठगों ने करीब एक लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने पीड़ित फौजी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव जुगसाना निवासी राजेश कुमार पश्चिम बंगाल में आर्मी में तैनात है। पीड़ित फौजी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि पीड़ित का एसबीआई बैंक में खाता है। पीड़ित के अकाउंट से गत 17 जून को चार ट्रांजेक्शन कर धोखाधड़ी कर 99995 की रकम हड़प ली गई। पीड़ित ने ना तो ट्रांजेक्शन की और ना ही कोई ओटीपी किसी को बताया उसके बावजूद बैंक खाते से अज्ञात शातिरों ने रुपये निकाल लिए। कोतवाली प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य बंसल ने बताया पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।