काम की वजह से गए थे बुलंशहर
हजरतपुर गांव निवासी लेखराज ने बताया कि उनके छोटे भाई प्रवीन सोलंकी (35) का ट्रांसपोर्ट का कारोबार था। बुधवार रात को प्रवीन अपनी कार से निजी कार्य के चलते बुलंदशहर गए थे। रात करीब साढ़े नौ बजे वहां से वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान उनकी कार में गांव में रहने वाले प्रवीन के दोस्त नेमपाल व जितेंद्र और नरसेना थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी नीरज भी मौजूद थे।
राहगीरों ने बुलाई पुलिस तो पहुंचाए गए अस्पताल
जब वह लोग हाइवे पर मामन कला गांव के पास पहुंचे तो सामने से अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को खुर्जा के कैलाश अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने प्रवीन को मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा अन्य तीनों घायलों को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया।
प्रवीन की मौत से पूरे गांव में शोक
घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। गुरुवार दोपहर को पोस्टमार्टम जांच के बाद जब प्रवीन का शव गांव में पहुंचा तो परिजन बिलख उठे। लेखराज ने बताया कि प्रवीन के छह और नौ साल के दो बेटे हैं। घटना से पूरा गांव शोक में है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान
सड़क हादसे में अभी आरोपी वाहन और चालक की पहचान नहीं हो सकी है। मामले में परिजनों की ओर से गुरुवार शाम तक तहरीर नहीं मिली। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - शोभित कुमार, सीओ खुर्जा।