सड़क हादसे में सब्जी विक्रेता की मौत
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक 35 वर्षीय सब्जी विक्रेता लाखन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी जुगाड़ रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, लाखन सिंह ग्राम आढा के निवासी थे और सब्जी मंडी से सब्जियां लेकर अपने गांव लौट रहे थे। वे रोजी-रोटी के लिए गांव में ही सब्जी बेचने का काम करते थे। नवीन हॉस्पिटल के पास यह हादसा तब हुआ जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी रिक्शा को पीछे से इतनी जोर से टक्कर मारी कि लाखन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने तत्काल मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दर्दनाक हादसे के संबंध में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुटी है।