बुलंदशहर। डिबाई निवासी एक किशोरी परिजनों की डांट से नाराज होकर राजस्थान के सीकर पहुंच गई। वहां एक महिला मिली और उसे जयपुर ले जाकर अधेड़ के हाथों बेचने का प्रयास किया। किशोरी को पता चला तो वह भाग कर पुलिस के पास पहुंची। अब जिला बाल कल्याण समिति ने किशोरी को जयपुर से लाकर सोमवार उसके परिजनों को सौंप दिया। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष डा. अंशु बंसल ने बताया कि डिबाई नगर की रहने वाली किशोरी का करीब चार माह पहले परिजनों से किसी बात पर विवाद हो गया था। परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर वह बिना बताए घर से निकल गई और ट्रेन के जरिए राजस्थान के सीकर जिले में पहुंच गई थी। जयपुर चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने उसकी काउंसलिंग की जिसमें उसने अपना पता डिबाई बुलंदशहर बताया। इसके बाद वहां से तत्काल बुलंदशहर की समिति से संपर्क किया गया तो पता चला कि एक किशोरी लापता है मगर उसके बारे में परिजनों ने नहीं बताया था। सोमवार को जयपुर बालिका गृह से एक टीम उसे लेकर बुलंदशहर पहुंची। किशोरी को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है। संवाद