डिबाई क्षेत्र के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मृतक बच्चे गर्व का फाइल फोटो।
डिबाई। भीमपुर दोराहे पर स्थित एक एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान तीन माह के बच्चे की बुधवार देर रात मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव को ले गए।
भीमपुर दोराहे पर अपैक्स चाइल्ड हॉस्पिटल है। क्षेत्र के गांव नगला भौपतपुर निवासी यशवीर सिंह ने अपने 3 माह के पुत्र गर्व को मंगलवार को शाम चार बजे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सक ने गंभीर हालत में उसे ड्रिप लगाकर आईसीयू में भर्ती कर लिया। बच्चे की गंभीर हालत होने पर चिकित्सक ने बच्चे को बुधवार सुबह 11 बजे अलीगढ़ उपचार के लिए ले जाने की बात कही। परिजनों बच्चे की हालत गंभीर देखकर नाराजगी प्रकट की तो चिकित्सक ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दिए जाने की बात कही। परिजन उपचार के लिए बच्चे को अलीगढ़ ले गए। वहां उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को लेकर देर रात अस्पताल ले आएं और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। यशपाल समेत अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में ट्रेंड चिकित्सक नहीं हैं।
बच्चे को दस्त की शिकायत थी और मोटी धनराशि जमा कराने के बाद भी उचित उपचार नहीं दिया गया। कोतवाली निरीक्षक छोटे सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। अस्पताल के चिकित्सक डाॅ. जुलकर नैन ने बताया कि बच्चे को बुखार था। जब उसे परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे तो उसकी हालत गंभीर थी। उपचार के बाद कुछ सुधार होने पर रेफर कर दिया था। बच्चे के उपचार में कोई लापरवाही नहीं बरती गई है।