सिकंदराबाद। औद्योगिक क्षेत्र स्थित तेज सिंह कॉलोनी में आठ वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में शनिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने कोतवाली का घेराव कर हंगामा किया। उन्होंने हाईवे पर जाम लगाने की भी कोशिश की, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर वे शांत हुए।
विज्ञापन
तेज सिंह कॉलोनी में किराये पर रहने वाले पड़ोसी पर मासूम का अपहरण कर हत्या करने का आरोप है। आरोपी ने बच्ची का शव खेत में फेंक दिया था, जो बाद में बरामद हुआ। पुलिस ने पहले आरोपी की पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इसके बाद छोड़ दिया था, जिससे परिजनों में भारी आक्रोश था। सीओ प्रेमसुख दड़िया ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। संवाद