लोनी। नगरपालिका परिषद लोनी में अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर-31 के सभासद जगत सिंह पर सफाई के नाम पर अवैध वसूली, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। अधिशासी अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने सभासद के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगरपालिका परिषद अधिशासी अधिकारी वैभव त्रिपाठी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छह अक्तूबर की दोपहर करीब 12:05 बजे पालिका कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक चल रही थी। उसमें वार्ड नंबर-31 के सभासद जगत सिंह निवासी नवीन पुंज भी मौजूद थे। आरोप है कि सभासद ने सफाई के नाम पर रुपये मांगने शुरू कर दिए। उन्होंने सफाई कंपनी के ठेकेदार से पांच महीने से भुगतान नहीं होने की बात कही। इस पर उन्होंने कहा कि इस मामले से पालिका अधिकारियों का लेना-देना नहीं है। इस पर सभासद नाराज हो गए और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोप है कि सभासद ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत में सभासद के हथियार लेकर बैठक में पहुंचने का भी जिक्र किया गया है। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि शिकायत के आधार पर सभासद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।