बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाओं को लेकर बड़ा बदलाव किया है। इस बार केंद्र निर्धारण नीति में संशोधन करते हुए एक केंद्र पर परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ा दी गई है। अब एक परीक्षा केंद्र पर दो हजार परीक्षार्थी आवंटित किए जा सकेंगे, जबकि पहले यह संख्या 1500 तक सीमित थी। बोर्ड के निर्देश पर अब कॉलेजों में नए सिरे से सीटिंग प्लान लगाया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट वर्ष 2026 की परीक्षाएं 18 फरवरी से आरंभ हो रही हैं। परीक्षाओं को कराने के लिए जिले में 109 केंद्र बन चुके हैं और अब इन पर परीक्षाओं की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
इस बार परीक्षा में 84,044 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों की संख्या कम करने के लिए बोर्ड ने इस बार केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या को बढ़ा दिया है। बोर्ड का यह फैसला परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया है। बताया कि केंद्रों की क्षमता में 500 छात्रों का इजाफा होने से अब परीक्षार्थियों को परीक्षा देने के लिए ज्यादा दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें नजदीकी केंद्रों पर ही जगह मिली है।
इसी सप्ताह के अंत तक सभी केंद्रों पर जरूरी सामग्री पहुंच जाएगी और छात्रों के प्रवेश पत्र भी इसी माह स्कूलों को उपलब्ध करा दिए जाएंगे। सीटिंग प्लान जारी होने के साथ ही केंद्रों पर फर्नीचर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है।