बुलंदशहर। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं का प्रारूप बदला जाएगा। नई व्यवस्था के तहत अब उत्तर पुस्तिकाओं पर एक ही मुख्य कवर पेज होगा। इस पर परीक्षा संबंधी विवरण और परीक्षक के अंकों का ब्योरा दर्ज होगा।
उत्तर पुस्तिकाओं के रंग अलग-अलग होंगे और उन पर क्यूआर कोड भी अंकित रहेगा। इससे कॉपियों की पहचान आसान होगी और गड़बड़ियों पर अंकुश लगेगा। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परीक्षा पांच फरवरी 2027 से प्रस्तावित है और कार्यक्रम जारी हो चुका है। क्यूआर कोड और अलग रंग की कॉपियों से पहचान में आसानी होगी। यह व्यवस्था दूसरी कॉपी इस्तेमाल करने जैसी गड़बड़ियों को रोकने में मदद करेगी।
जिले के 416 माध्यमिक विद्यालयों से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 85 हजार से अधिक परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण और उत्तर पुस्तिकाओं की उपलब्धता की तैयारियां चल रही हैं। पिछले वर्ष जिले में 110 केंद्रों पर परीक्षा हुई थी। इस बार भी लगभग इतने ही केंद्र बनाए जाने की तैयारी है। जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार तैयारियां सुनिश्चित की जाएंगी।