बुलंदशहर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से यूपी बोर्ड का हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम 23 अप्रैल को जारी किया गया था। अब छात्र-छात्राएं परिणाम में किसी तरह की त्रुटि होने पर संशोधन करा सकते हैं। इसके लिए छह मई तक विभागीय वेबसाइट पर आवेदन करना होगा। साथ ही स्कूल के प्रधानाचार्य को कागजात मुहैया कराने होंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि 23 अप्रैल को जारी किए गए बोर्ड परीक्षा परिणाम में छात्र-छात्राओं के अंकपत्र में छात्रों से जुड़ा विवरण भी दर्शाया गया है। इसमें छात्र का नाम, माता-पिता का नाम व जन्मतिथि भी है। इसमें यदि किसी तरह की त्रुटि है तो छात्रों को संशोधन कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से अंतिम मौका दिया गया है।
संशोधन के लिए छात्र-छात्राओं को वेबसाइट पर जाकर लाॅगिन करते हुए सुधार के ऑप्शन दिए गए हैं। साथ ही इन कागजों को प्रधानाचार्य को भी दिया जा सकता है जोकि वेबसाइट पर संशोधन करा सकते हैं। सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।