बुलंदशहर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा की तैयारी अंतिम चरण में है। परीक्षा सामग्री केंद्रों में पहुंचनी शुरू हो गईं हैं, जिसे सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखवाया जा रहा है। इस बार परीक्षा में 109 केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 84,044 छात्र-छात्रा शामिल होंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे सक्रिय कर दिए गए हैं। इसके अलावा केंद्र व्यवस्थापक बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और विद्युत आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी व्यवस्थित करने में जुटे हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। साथ ही तैयारियों की प्रगति की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।