यूपी बोर्ड : तीन अक्तूबर को होगी कंपार्टमेंट परीक्षा
बुलंदशहर। यूपी बोर्ड की कंपार्टमेंट परीक्षा तीन अक्तूबर को होगी। इसके लिए जनपद में राजकीय इंटर कॉलेज बुलंदशहर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को शांतिपूर्वक करवाने के लिए विभागीय अधिकारियों ने तैयारी तेज कर दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा 2020 में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में जिन छात्र-छात्राओं की कंपार्टमेंट आई थी, उनकी कंपार्टमेंट परीक्षा तीन अक्तूबर को है। इसके लिए पूर्व में कंपार्टमेंट की परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं ने आवेदन किए थे। अब बोर्ड ने परीक्षा के संबंध में आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि कंपार्टमेंट की परीक्षा के लिए राजकीय इंटर कॉलेज बुलंदशहर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा को शांतिपूर्वक करवाने के लिए तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।