राजकीय इंटर कॉलेज में बने कंट्रोल रूम का जायजा लेते डीआईटोएस व अन्य अधिकारी। स्रोत: विभाग
बुलंदशहर। जिले में आठ फरवरी तक चलने वाली यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई। पहले दिन 39 केंद्रों पर पंजीकृत 3574 के सापेक्ष 3530 परीक्षार्थी शामिल हुए। जबकि 44 छात्र-छात्रा अनुपस्थित रहे। किसी केंद्र पर रसायन और भौतिक विज्ञान तो किसी पर भूगोल व होम साइंस की परीक्षा हुई। इस पर कंट्रोल रूम से नजर रखी गई। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट ने भी केंद्रों पर जाकर जायजा लिया।
यूपी बोर्ड ने परीक्षा के लिए 209 केंद्र बनाए है। इन्हें 18 सेक्टर में बांटा गया है। इनको सीसीटीवी व अन्य उपकरणों से राजकीय इंटर कॉलेज में बने कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। परीक्षा की निगरानी के लिए 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। इसमें जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने कंट्रोल रूम पहुंचकर परीक्षा का जायजा लिया। उन्होंने भौतिक, रसायन, जीव विज्ञान, भूगोल की प्रायोगिक परीक्षा के लिए नामित ऑबजर्वर सीधे केंद्रों पर पहुंचे। बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
केंद्रों पर पहुंचे बाह्य परीक्षकों ने मोबाइल एप से जियो लाकेशन के साथ फोटो और पोर्टल पर प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक अपलोड किए। आंतरिक परीक्षकों ने भी अपने विद्यालय की लॉगइन आईडी से माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अंक अपलोड किए।
विनय कुमार ने बताया कि परीक्षा में किसी भी स्तर से होने वाली गड़बड़ी को सहन नहीं किया जाएगा। परीक्षा शासन और बोर्ड की ओर से जारी किए गए दिशानिर्देश अनुसार ही कराई जाएगी। इसके लिए सभी केंद्र व्यवस्थापकों और प्रयोगात्मक परीक्षा से जुड़े शिक्षकों, अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं।