ऊंचागांव। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे क्लीनिक और झोलाछाप के खिलाफ सख्त कदम उठाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षण कर एक अपंजीकृत क्लीनिक को मौके पर ही सील कर दिया जबकि दो झोलाछाप को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। क्षेत्र के दौलतपुर कला में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम अपंजीकृत क्लीनिक व पैथोलॉजी लैब की जांच को पहुंची।
टीम ने चौराहे के पास स्थित एक क्लीनिक का निरीक्षण कर संचालक से दस्तावेज मांगे। क्लीनिक संचालक टीम को कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके चलते क्लीनिक को सील कर दिया गया। इसके अलावा दो अन्य क्लीनिक का निरीक्षण किया। दोनों क्लीनिक संचालकों को दस्तावेज दिखाने के लिए नोटिस जारी किया है। एक सप्ताह में दस्तावेज न दिखाने पर दोनों क्लीनिक को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। वैर चिकित्सा प्रभारी डॉ. सचिन भाटी ने बताया कि दौलतपुर कला में दिलीप के क्लीनिक को सील कर दिया गया है। साथ ही सिद्धिविनायक और उत्तम कुमार को नोटिस जारी कर दस्तावेज दिखाने को कहा है। संवाद