बुलंदशहर। जिले के कॉलेजों में एनईपी-2020 के तहत संचालित परास्नातक के तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं एक सितंबर से होंगी। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस परीक्षा में मुख्य, बैक एवं एक्स छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजीव सिरोही ने बताया कि सीसीएसयू की ओर से परास्नातक पाठ्यक्रमों तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए सभी कॉलेजों को परीक्षा समय-सारणी पत्र के साथ संलग्न की गई है। सीसीएसयू ने छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टाइम टेबल को वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया है। छात्र अपने कॉलेजों से संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फार्म भरने का आज अंतिम दिन
सीसीएसयू की ओर से भरवाएं जा रहे विषम सेमेस्टर परीक्षा फार्म भरने का बुधवार को अंतिम दिन है। डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजीव सिरोही ने बताया कि परीक्षा फार्म भरने के लिए पहले आठ नवंबर तक का समय दिया था। जबकि अब बुधवार तक छात्र-छात्राएं 250 रुपए विलंब शुल्क के साथ यह परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। सीसीएसयू की ओर से परीक्षा तिथि निर्धारित कर दी गई है और परीक्षाएं समय से शुरू होंगी। इसमें इस वर्ष प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म शामिल नहीं हैं।