पहले पेपर में गड़बड़ियां मिलने और नकल का मामला पकड़ में आने के बाद बृहस्पतिवार को दूसरा पेपर कड़ी विभागीय निगरानी में हुआ। इससे पहले पहली पाली में हुई भूगोल की परीक्षा में 244 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
बता दें कि इससे पहले संपन्न हुई इंटर अंग्रेजी प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा में कुछ परीक्षा केंद्रों से गड़बड़झाले की शिकायत मिली थी। एक सेंटर पर छात्रा से नकल भी बरामद की गई थी। इसके मद्देनजर अफसरों ने बृहस्पतिवार को होने वाली अंग्रेजी द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा को कड़ी निगरानी में करवाने का निर्णय लिया।
इसके चलते परीक्षा का जायजा लेने अफसर दोपहर एक बजे ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए। उन्होंने अपनी मौजूदगी में प्रश्नपत्र खुलवाए और गहन चेकिंग के बाद ही परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई और समाचार लिखे जाने तक कोई नकल का केस सामने नहीं आया।
इससे पहले पहली पारी में इंटर भूगोल की परीक्षा हुई। इसमें 5382 के सापेक्ष 5138 परीक्षार्थी शामिल हुए जबकि 244 अनुपस्थित रहे। डीआईओएस रामाज्ञा कुमार के अनुसार परीक्षा 21 मार्च तक चलेगी।