कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी युवक ने बताया कि वह एक ट्रैवल कंपनी में चालक का कार्य करते हैं। उनकी 17 वर्षीय बेटी गांव के बाहर ही एक निजी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा है। रोजाना की तरह बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे उनकी बेटी स्कूल के लिए घर से निकल गई। तभी थोड़ी दूर ही पड़ोस में रहने वाला रिजवान बाइक से वहां आया, जो पीड़ित के बुआ का बेटा और किशोरी का चाचा है।
आरोप है कि रिजवान ने स्कूल तक छोड़ने के लालच दिया। छात्रा ने काफी मना किया तो आरोपी रिजवान जिद पर अड़ गया। इसके बाद छात्रा बाइक पर बैठ गया। जब रिजवान बाइक को स्कूल की गली से आगे ले गया तो छात्रा ने विरोध किया। इस पर रिजवान ने छात्रा को भोजन कराने का लालच दिया। ऐसे में रेस्तरां ढूंढने के चलते एनएच-34 पर ले गया।
जहां पर खुर्जा देहात थाना क्षेत्र स्थित एक होटल पर ले गया। जहां पर जबरन कमरे ले जाकर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। ऐसे में आरोपी ने छात्रा को होटल से ऑटो में बैठाकर घर जाने को बोल दिया और बाइक लेकर फरार हो गया। छात्रा किसी तरह घर पहुंची। बेटी को बदहवास अवस्था में देख मां परेशान हो गई और उन्होंने पिता को सूचना दी।
नौकरी छोड़कर पिता घर पहुंचे और बच्ची की तबीयत खराब होने पर उसको निजी अस्पताल भर्ती कराया। जहां पर दुष्कर्म की घटना सामने आई। तब छात्रा ने रोते हुए आपबीती बताई और बताया कि आरोपी ने गांव में बदनाम करने व जान से मारने की धमकी दी। इस पर पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची किशोरी से घटना की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस ने होटल की भी जांच की, जहां से सीसीटीवी की डीवीआर और अन्य सामान बरामद किया। सूचना पर पहुंची क्षेत्राधिकारी शोभित कुमार अत्री ने होटल की जांच की और पीड़िता से बातचीत की। इसके बाद होटल को सील कर दिया गया और होटल संचालक को हिरासत व आरोपी रिजवान को भी हिरासत में ले लिया।
आरोपी और पीड़िता आपस में रिश्तेदार हैं। किशोरी को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए भेजा गया है। साथ ही होटल पर जांच की गई और साक्ष्य लिए गए हैं, जिसके आधार पर होटल सील किया गया है। फील्ड यूनिट भी घटनास्थल व अन्य जगह की जांच कर रही है। आरोपी रिजवान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। - शोभित कुमार अत्री, सीओ खुर्जा।