बारिश में लोड कम होने के बावजूद लोगों को बिजली कटौती की किल्लत झेलनी पड़ रही है। नगर समेत जिलेभर की बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हैं तो वहीं बारिश से एक बार फिर नगर क्षेत्र लबालब हो गया। नाले चौक हो गए और जगह-जगह हुए जलभराव से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रातभर बिजली कटौती की जा रही है। इसके अलावा जहांगीराबाद, स्याना, सिकंदराबाद में 18 घंटे शेड्यूल के सापेक्ष महज 10 से 12 घंटे आपूर्ति की जा रही है।
रोस्टर के समय इमरजेंसी रोस्टरिंग की जा रही है। खुर्जा में 15 घंटे के सापेक्ष 10, गुलावठी, अनूपशहर, शिकारपुर, बुगरासी, बीबीनगर आदि में महज 7 से 8 घंटे की बिजली आपूर्ति की जा रही है। यह हाल तब है जब बारिश के कारण एग्रीकल्चर लोड काफी घट गया है। एग्रीकल्चर लोड घटने के बावजूद बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो पा रही है।